भूपेश बघेल जन्मदिन समारोह को लेकर पाटन में भव्य तैयारियां, औंधी और तर्रा में होगा जोरदार स्वागत
पाटन। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक भूपेश बघेल आज अपने निवास भिलाई-3 से पाटन के लिए रवाना हो गए हैं। श्री बघेल के जन्मदिन के अवसर पर पाटन विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पाटन के रामलीला मैदान में भव्य जन्मोत्सव समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
श्री बघेल का पाटन आगमन के दौरान विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया जाएगा। औंधी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें केले से तौलकर जोशीला स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात श्री बघेल का काफिला ग्राम तर्रा पहुंचेगा, जहां युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष विपिन चंद्राकर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा 100 किलो की माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।




इसके बाद श्री बघेल का काफिला पाटन पहुंचेगा। यहां वे स्वामी आत्मानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे और तत्पश्चात सीधे कांग्रेस भवन पहुंचेंगे, जहां उनके द्वारा कांग्रेस भवन का उद्घाटन किया जाएगा।
इस अवसर पर पाटन विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। जन्मदिन समारोह को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और पूरे पाटन क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना हुआ है।



