मोदी की गारंटी और विष्णु के सुशासन में भी अधूरी सड़क-पुलिया, जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे राहगीर

कुम्हारी। नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्र में वर्षों से अधूरे पड़े सड़क और पुलिया निर्माण के कारण आम राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि अधूरे मार्ग के चलते उन्हें रोजाना जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से अब तक ठोस पहल नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार परसदा रेलवे क्रॉसिंग से किनारे-किनारे टोल प्लाजा पहुंच मार्ग का निर्माण रेलवे विभाग की जमीन आने के कारण अटका हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद रेलवे विभाग और लोक निर्माण विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर इस समस्या का समाधान नहीं किया जा सका है।




स्थानीय नागरिकों के मुताबिक उक्त मार्ग पर सड़क और पुलिया का काम लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है। इसके कारण राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है तथा अधूरे मार्ग के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
बताया जा रहा है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भी सड़क और पुलिया निर्माण को पूरा कराने के लिए लगातार शासन-प्रशासन से मांग की जा रही है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग और रेलवे विभाग के बीच यदि आपसी समन्वय स्थापित हो जाए तो वर्षों से लंबित सड़क और पुलिया निर्माण का कार्य पूरा किया जा सकता है। लोगों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों की संयुक्त पहल से रेलवे भूमि से जुड़ी बाधा को दूर कर अधूरे मार्ग और पुलिया का निर्माण शीघ्र पूरा कराया जाए।
नागरिकों का कहना है कि विकास के दावों के बीच यदि आम आदमी को रोजाना जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़े तो यह गंभीर चिंता का विषय है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि मोदी की गारंटी और विष्णु की शासन और प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा।



