अमलेश्वर थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरी-लूट की घटनाओं से लोगों में बढ़ी चिंता
अमलेश्वर। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी और लूटपाट की घटनाओं ने क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ा दी है। कहीं सुनसान मकानों को निशाना बनाया जा रहा है, तो कहीं मोटर पंप की केबल चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं झीट क्षेत्र में एक महिला के साथ चाकू की नोक पर लूटपाट किए जाने की भी जानकारी सामने आ रही है। लगातार हो रही इन घटनाओं के चलते स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि राजधानी रायपुर से लगे होने के कारण अमलेश्वर क्षेत्र में बाहरी लोगों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। ऐसे में क्षेत्र में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों और वाहनों की निगरानी को लेकर भी लोगों द्वारा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की जा रही है। चौक-चौराहों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में से कई कैमरे दुरुस्त नहीं होने की बात भी सामने आ रही है। लोगों का कहना है कि यदि सीसीटीवी कैमरे व्यवस्थित तरीके से संचालित हों तो अपराधियों तक पहुंचने में पुलिस को महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।
बटंग की घटना के बाद भी नहीं थम रहा सिलसिला
अभी पिछले महीने बटंग क्षेत्र में एक शिक्षिका के साथ लूटपाट की घटना सामने आई थी। घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध दर्ज कर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बावजूद अमलेश्वर थाना क्षेत्र में चोरी और लूट की घटनाओं का सिलसिला जारी रहने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पुलिस को नियमित गश्त बढ़ाने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी करनी चाहिए।
रिसोर्ट और सुनसान इलाकों में निगरानी की मांग
स्थानीय लोगों के अनुसार अमलेश्वर थाना क्षेत्र में कई बड़े रिसोर्ट संचालित हो रहे हैं। खारुन नदी किनारे, खुडमुड़ा, मगरघटा पहुंच मार्ग तथा जामगांव एम पहुंच मार्ग के आसपास भी कई रिसोर्ट और अन्य संस्थान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन क्षेत्रों में दिन-रात लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है, ऐसे में पुलिस और प्रशासन को इन इलाकों में नियमित निगरानी और जांच व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
लोगों का यह भी कहना है कि क्षेत्र में कौन आ रहा है और कौन जा रहा है, इसकी प्रभावी निगरानी नहीं होने से असामाजिक तत्वों को गतिविधियां संचालित करने का अवसर मिल सकता है। हालांकि किसी भी व्यक्ति या संस्थान पर अवैध गतिविधि में संलिप्त होने का आरोप जांच के बाद ही प्रमाणित हो सकता है।
रासायनिक दवाइयों के मामले ने भी बढ़ाई चिंता
पिछले महीने जिला प्रशासन द्वारा अमलेश्वर के वृंदावन नगर क्षेत्र में अवैध रूप से रखी गई रासायनिक दवाइयों के मामले में कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में रासायनिक दवाइयां, जिनमें एक्सपायरी दवाइयां भी शामिल होने की जानकारी सामने आई थी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठे थे।
क्षेत्रवासियों की मांग है कि अमलेश्वर थाना क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, प्रमुख प्रवेश मार्गों पर निगरानी बढ़ाई जाए तथा चोरी और लूट की घटनाओं में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि राजधानी से सटे क्षेत्र होने के कारण अमलेश्वर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।






