बच्चों की जान जोखिम में डालने वाले वाहन पर कार्रवाई, अवैध पार्किंग भी हटाई गई
“ऑपरेशन सुरक्षा” के तहत दुर्ग यातायात पुलिस की सघन कार्रवाई, सड़क सुरक्षा कार्यों की समीक्षा
दुर्ग/ सड़क सुरक्षा और अनुशासन को लेकर दुर्ग यातायात पुलिस ने “ऑपरेशन सुरक्षा” अभियान के तहत जिलेभर में रविवार को सघन जांच और कार्यवाही की। अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधियों पर तत्काल नियंत्रण स्थापित करना रहा।
बच्चों की जान खतरे में डालने वाले चालक पर कार्रवाई
अभियान के दौरान छावनी क्षेत्र स्थित बैकुंठधाम के पास जांच के दौरान एक टाटा ऐस मालवाहक वाहन (क्रमांक CG 04 ZC 0640) को रोका गया। जांच में पाया गया कि वाहन चालक दुर्गेश वर्मा द्वारा इस मालवाहक वाहन में करीब 35 स्कूली बच्चों को बैठाकर परिवहन किया जा रहा था।
यह कृत्य न केवल मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन था, बल्कि बच्चों की सुरक्षा को भी गंभीर खतरे में डालने वाला था।
यातायात पुलिस ने तत्काल वाहन को रोका, बच्चों को सुरक्षित रूप से उतारकर पुलिस विभाग की बस के माध्यम से देवबलोदा–चरौदा क्षेत्र में उनके घरों तक पहुँचाया। चालक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही प्रारंभ की गई है।



पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को केवल मान्यता प्राप्त और सुरक्षित स्कूल वाहनों में ही यात्रा करने की अनुमति दें।
सूर्या मॉल के सामने अवैध पार्किंग पर कार्यवाही
यातायात पुलिस को शिकायत मिली थी कि नेहरू नगर, दुर्ग स्थित सूर्या मॉल के सामने फुटपाथ और सड़क के हिस्से को घेरकर अवैध पार्किंग चलाई जा रही है, जहाँ वाहनों से अवैध वसूली की जा रही थी।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुँची और पाया कि फुटपाथ पर रस्सी लगाकर मार्ग को घेरा गया था। मौके पर क्रेन की मदद से अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाया गया और जप्त किया गया।
अवैध वसूली में शामिल व्यक्ति को सख्त चेतावनी दी गई, और पूरे क्षेत्र को तुरंत खाली कराया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि फुटपाथ और सार्वजनिक मार्ग केवल पैदल यात्रियों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए आरक्षित हैं — उनका किसी भी प्रकार से निजी या वाणिज्यिक उपयोग अस्वीकार्य है।
रोड सेफ्टी सेल ने किया हाईवे निरीक्षण
“ऑपरेशन सुरक्षा” के तहत रोड सेफ्टी सेल, यातायात पुलिस दुर्ग ने दुर्ग–रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण में जिन स्थानों पर गड्ढे, दरारें या क्षतिग्रस्त सड़कें मिलीं, वहाँ PWD, NHAI और नगर निगम दुर्ग के अधिकारियों के साथ समन्वय कर तत्काल मरम्मत कार्य प्रारंभ कराया गया।
यह कार्रवाई आगामी त्योहारी सीजन को ध्यान में रखकर की गई ताकि भारी यातायात के समय सड़कें सुगम और सुरक्षित बनी रहें।
जनअपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने नागरिकों से पुनः अपील की है कि —
मालवाहक वाहनों में यात्रियों या बच्चों को किसी भी स्थिति में न बैठाएँ।
अवैध पार्किंग, अवैध वसूली या सड़क पर किसी प्रकार की बाधा की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और अन्य यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें।
सड़क सुरक्षा को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाएँ और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
आपका सहयोग ही “ऑपरेशन सुरक्षा” को सफल बनाता है — “सुरक्षित सड़क, सुरक्षित जीवन”।



