आईआईटी जम्मू में छत्तीसगढ़ के 151 विज्ञान व गणित शिक्षकों का 5 दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
रायपुर : छत्तीसगढ़ में पीएमश्री स्कूलों में अध्यापन कार्य कर रहे विज्ञान एवं गणित शिक्षकों के क्षमता विकास तथा आधुनिक तकनीक में पारंगत बनाने के उद्देश्य से राज्य शासन, स्कूल शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा के निर्देशानुसार 151 शिक्षकों का दल 5 दिवसीय प्रशिक्षण हेतु भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), जम्मू पहुँचा। इस दल में दुर्ग जिले के 06 पीएमश्री स्कूलों सहित प्रदेशभर के शिक्षक शामिल थे।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को साइंस एंड टेक्नोलॉजी, स्मार्ट लैब, 3डी प्रिंटर, गूगल क्लासरूम, साइबर सिक्योरिटी, साइकोलॉजिकल इंपैक्ट, ड्रोन टेक्नोलॉजी, तथा ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म आधारित प्रभावी कक्षा संचालन तकनीकों की गहन जानकारी प्रदान की गई। साथ ही आईआईटी लैब का अवलोकन भी कराया गया, जिससे शिक्षकों को अत्याधुनिक उपकरणों व शोध प्रक्रियाओं की प्रत्यक्ष समझ विकसित हुई।



प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह आयोजन अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक रहा। पाँच दिनों में मिले मार्गदर्शन, गतिविधियों और व्यावहारिक सीख ने उनके कौशल में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास जोड़ा। शिक्षकों ने आयोजकों एवं प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अनुभव भविष्य में उनके शिक्षण कार्य को और अधिक प्रभावी बनाएगा।
इस आयोजन में पीएमश्री राज्य प्रभारी आशिष गौतम के मार्गदर्शन एवं निर्देशन तथा सुब्बा नायडू, दिनेश चतुर्वेदी और अन्य प्रशिक्षकों के सहयोग से प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
पीएमश्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय पथलगांव से लिलाम्बर यादव सहित प्रदेश के कई शिक्षकों ने इस कार्यशाला में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज की।
ज्ञात हो कि भारत सरकार द्वारा संचालित पीएमश्री स्कूल योजना का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP-2020) को प्रभावी रूप से लागू करना और देशभर में स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना है। पीएमश्री स्कूल, अन्य स्कूलों के लिए रोल मॉडल के रूप में विकसित किए जा रहे हैं, जहाँ डिजिटल लर्निंग, स्मार्ट क्लास, लैब, ग्रीन स्कूल, खेल और कौशल शिक्षा जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
योजना का प्रमुख लक्ष्य बच्चों में ज्ञान, कौशल, चरित्र एवं मूल्य-आधारित समग्र विकास को बढ़ावा देना, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराना तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है।
आईआईटी जम्मू में आयोजित यह प्रशिक्षण इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए शिक्षकों को नई शिक्षा नीति के अनुरूप आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।



