कृषि मंत्री ने किया AI आधारित ‘स्मार्ट’ उद्यानिकी एवं वानिकी कैलेंडर – 2026 का विमोचन
रायपुर : महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय सांकरा-पाटन, दुर्ग, छत्तीसगढ़ के वार्षिक कैलेंडर 02 जनवरी 2026 को कृषि मंत्री रामविचार के करकमलों से AI अधारित ‘स्मार्ट’ उद्यानिकी एवं वानिकी कैलेंडर – 2026 का भव्य विमोचन किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर. आर. सक्सेना, कुलसचिव यशवंत केरम सहित विश्वविद्यालय के अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे । कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री ने कैलेंडर का अवलोकन करते हुए इसकी विषयवस्तु, वैज्ञानिक उपयोगिता एवं किसानों के हित में इसकी प्रासंगिकता की सराहना की गई।
मंत्री ने विशेष रूप से इस स्मार्ट कैलेंडर की आधुनिक विशेषताओं पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कहा कि कैलेंडर में पॉडकास्ट के माध्यम से “प्रकृति की पाठशाला” की अवधारणा को शामिल करना एक अभिनव एवं उपयोगी पहल है। इसके अंतर्गत मासिक आधार पर उद्यानिकी एवं वानिकी फसलों की वैज्ञानिक कार्यविधि, मौसम अनुरूप कृषि कार्य, नवीन तकनीकों की जानकारी तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को सरल एवं सुगम रूप में किसानों तक पहुँचाया गया है, जो किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा ।


माननीय मंत्री ने कहा कि डिजिटल माध्यमों के समावेश से यह कैलेंडर न केवल जानकारी प्रदान करेगा, बल्कि किसानों को समयानुकूल निर्णय लेने में भी सहायता करेगा, जिससे उत्पादन, गुणवत्ता एवं आय वृद्धि संभव हो सकेगी। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे ऐसे नवाचारपूर्ण प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के उपयोगी प्रकाशन एवं तकनीकी पहल को आगे बढ़ाने की अपेक्षा व्यक्त की ।
कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से माननीय कृषि मंत्री जी का आभार व्यक्त किया गया तथा इस कैलेंडर को प्रदेश के किसानों, उद्यानिकी एवं वानिकी क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के लिए एक महत्वपूर्ण मार्गदर्शक दस्तावेज बताया गया ।






