जशपुर जिले के सरपंचों ने आदर्श ग्राम पतोरा के ग्रामीण मलजल उपचार संयंत्र का किया अध्ययन, युवा सरपंच भुनेश्वर साहू ने किया अगवानी
सेलूद। छत्तीसगढ़ राज्य का प्रथम ग्रामीण मलजल उपचार संयंत्र (FSTP) पाटन विधानसभा के आदर्श ग्राम पतोरा, विकासखंड पाटन, जिला दुर्ग में स्थापित है। इस संयंत्र की कार्यप्रणाली का अध्ययन एवं अवलोकन करने के लिए आज 10 मार्च 2026, मंगलवार को छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री के गृह जिला जशपुर के विभिन्न विकासखंडों से आए लगभग 40 सदस्यीय सरपंचों के दल ने ग्राम पतोरा का दौरा किया।


दल का आगमन FSTP परिसर एवं ग्राम पंचायत कार्यालय में हुआ, जहां पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात दल के सदस्यों ने संयंत्र परिसर का निरीक्षण करते हुए मलजल उपचार प्रक्रिया, सोन खाद निर्माण की कार्यप्रणाली तथा कचरा पृथक्करण केंद्र का अवलोकन और अध्ययन किया।
आगंतुक सरपंचों ने संयंत्र की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि यह मॉडल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अपने-अपने ग्राम पंचायत क्षेत्रों में भी इसी प्रकार के संयंत्र की स्थापना के लिए अधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस अवसर पर युवा सरपंच भुनेश्वर साहू, जनपद सदस्य श्रीमती चंद्रिका चित्रसेन कलिहारी, उपसरपंच देवचरण कौशल, जिला पंचायत दुर्ग से आशीष तिवारी एवं कुंदन चौरसिया, पंचायत सचिव नरेश कुमार मेहतो, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर लोकेश साहू सहित जशपुर जिले से आए विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचगण, पंचगण, स्वच्छता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








