प्रधानमंत्री आवास योजना के अपात्र हितग्राहियों का अनोखा प्रदर्शन, चटनी-भात खाकर कड़ी धूप में जताया विरोध

पाटन। पाटन विकासखंड अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों में इस वर्ष मनरेगा कार्य प्रारंभ न होने से मजदूरों के सामने गंभीर बेरोजगारी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। काम के अभाव में मजदूरों की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे पलायन की स्थिति भी बन रही है।
इसी के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं में अधिकारियों की मनमानी के कारण पात्र हितग्राहियों को भी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। अपनी इन्हीं समस्याओं को लेकर आज बड़ी संख्या में मजदूरों एवं हितग्राहियों ने जनपद पंचायत पाटन में अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने स्वयं के खर्चे से चटनी-भात खाकर अपनी मांगों को उठाया और शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।



प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पाटन ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में इस वर्ष कुल 733 प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों को अपात्र घोषित कर दिया गया, जबकि ग्राम सभाओं द्वारा उन्हें पात्र मानते हुए सूची विभाग को भेजी गई थी। इस संबंध में अधिकारियों से चर्चा करने पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है और मामले को टालने का प्रयास किया जा रहा है।
जनकल्याण समिति के सदस्य युगल आडिल ने बताया कि हितग्राही प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए जमीन के दस्तावेज देने को तैयार हैं, लेकिन अधिकारी उन्हें स्वीकार नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों का रवैया इतना हावी हो गया है कि जनप्रतिनिधियों की बातों को भी गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, जो कि जनता के प्रतिनिधियों का अपमान है।
इसके अलावा, पिछले तीन महीनों से मनरेगा के तहत किए गए कार्यों का मजदूरी भुगतान नहीं हुआ है। साथ ही वृद्धा पेंशन, निराश्रित पेंशन एवं विकलांग पेंशन की राशि भी तीन माह से जारी नहीं की गई है, जिससे बुजुर्गों और दिव्यांगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
युगल आडिल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो भविष्य में अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर मजदूर आत्मदाह जैसे कठोर कदम उठाने को भी मजबूर हो सकते हैं, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस आंदोलन में जनकल्याण समिति के सदस्यों सहित 108 ग्राम पंचायतों से आए मनरेगा मजदूरों और प्रधानमंत्री आवास योजना के अपात्र हितग्राहियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।



