झीट में नवनिर्मित साहू भवन का 12 अप्रैल को होगा लोकार्पण, कर्मा जयंती महोत्सव में जुटेंगे सामाजिक लोग

अम्लेश्वर। तहसील साहू संघ पाटन अंतर्गत झीट परिक्षेत्र में नवनिर्मित परिक्षेत्रीय साहू भवन का लोकार्पण 12 अप्रैल को परिक्षेत्रीय स्तरीय विशाल कर्मा जयंती महोत्सव के अवसर पर किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर परिक्षेत्र के पदाधिकारियों द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। भवन की साफ-सफाई का कार्य स्वयं पदाधिकारियों की उपस्थिति में पूरा किया गया।

तैयारियों में प्रमुख सलाहकार उमेश कुमार साहू, संरक्षक मोहन साहू, परिक्षेत्रीय अध्यक्ष श्रीमती गायत्री साहू, उपाध्यक्ष सुखदेव साहू, मधुकांत साहू, हेमलता साहू, रामाधार साहू, स्थानीय अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू एवं ग्राम पंचायत झीट के युवा सरपंच राजू साहू सक्रिय रूप से शामिल रहे।
उल्लेखनीय है कि झीट परिक्षेत्र के सामाजिक पदाधिकारी लंबे समय से छत्तीसगढ़ शासन से सामाजिक भवन की मांग कर रहे थे, जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वीकृति प्रदान की थी। अब भवन पूर्ण रूप से तैयार हो चुका है और इसके लोकार्पण की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भूपेश बघेल शामिल होंगे, जबकि प्रमुख अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल की उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला साहू संघ दुर्ग के अध्यक्ष नंदलाल साहू करेंगे।
विशेष अतिथियों में तहसील साहू संघ अध्यक्ष लालेश्वर साहू, जिला पंचायत सभापति श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक पदाधिकारी शामिल होंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा के साथ होगी। इसके पश्चात भवन का लोकार्पण, अतिथियों का स्वागत-सम्मान तथा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा। अंत में कार्यक्रम के समापन की घोषणा की जाएगी।








