पोषण पखवाड़ा: बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जागरूकता अभियान
रानीतराई । ग्राम औंसर के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1 एवं 2 में पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं को संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।


कार्यक्रम के दौरान गर्मी के मौसम में बच्चों की विशेष देखभाल, संतुलित पोषण, पर्याप्त जल सेवन तथा लू से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के दैनिक आहार में हरी सब्जियां, दाल, दूध एवं पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल करने की सलाह दी गई।
ग्राम पंचायत औंसर की सरपंच प्रियालता महिपाल ने स्वच्छता, साफ-सफाई और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ परिवार ही समृद्ध समाज की नींव है। सेक्टर सुपरवाइजर ममता साहू ने ‘रेडी टू ईट’ पोषाहार के महत्व, कुपोषण के लक्षणों की पहचान तथा उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उत्तरा ठाकुर, निर्मला भाण्डेकर, सहायिका सनिता निर्मलकर, फुलेश्वरी ठाकुर, उर्मिला डहरिया, नीरा ठाकुर, नेहा भारती, दीपा भारती, सीतु बंजारे, सुनीता भारती सहित बड़ी संख्या में माताएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में सहभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और बच्चों के बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य के लिए संकल्प लिया।







