विश्व पृथ्वी दिवस पर सोलर ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम

जामगांव (आर)। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर “हर दिन हो पृथ्वी की रक्षा” विषय पर कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया।


प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने समझाया कि पृथ्वी दिवस का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है और वर्तमान समय में इसकी आवश्यकता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को पृथ्वी की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण उपाय अपनाने हेतु प्रेरित किया— एकल-उपयोग प्लास्टिक का त्याग, कचरे का पृथक्करण (गीला एवं सूखा), पुनर्चक्रण को बढ़ावा, जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, बिजली की बचत, ऊर्जा-कुशल उपकरणों का उपयोग, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता बनाए रखना।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन रा.से.यो. प्रभारी श्रीमती चेतना सोनी द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में छोटे-छोटे ऊर्जा संरक्षण के उपाय अपनाकर पर्यावरण रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि नरेंद्र धामुडी (एलुमनी छात्र एवं जनभागीदारी समिति सदस्य) ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत सोलर सिस्टम की उपयोगिता, लागत, सब्सिडी एवं अतिरिक्त ऊर्जा से आय की जानकारी दी। वीडियो के माध्यम से उन्होंने सोलर सिस्टम के इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया को सरल एवं स्पष्ट रूप से समझाया। स्काई टीम के सदस्य श्री सी. देवांगन एवं बॉबी धीवर ने सोलर प्रोजेक्ट से बिजली बिल शून्य करने और अतिरिक्त आय के अवसरों पर प्रकाश डाला।
इस दौरान विद्यार्थियों—प्रेरणा साहू, जया रानी साहू, श्रद्धा साहू एवं रश्मि यादव ने पोस्टर के माध्यम से पृथ्वी संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आबिद हसन खान, रजनीश तिवारी, प्रियम वैष्णव, मेजराम जोशी सहित कमलेश विश्वकर्मा, चांदनी एवं रानी का विशेष सहयोग रहा।
अंत में प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने ऊर्जा संरक्षण, प्लास्टिक प्रतिबंध, पौधों की सुरक्षा तथा पानी और बिजली की बचत के लिए विद्यार्थियों एवं स्टाफ को शपथ दिलाई।








