नवतपे की भीषण गर्मी में गोपेश साहू ने 47वीं बार रक्तदान कर पेश की मानव सेवा की मिसाल
पाटन। तहसील साहू संघ पाटन अंतर्गत परिक्षेत्रीय साहू संघ असनारा के सचिव गोपेश साहू ने आज नवतपे के पहले दिन 44 डिग्री तापमान के बीच शासकीय अस्पताल दुर्ग में 47वीं बार रक्तदान कर मानव सेवा की अनुकरणीय मिसाल पेश की।
मॉडल ग्राम पतोरा के मूल निवासी श्री गोपेश साहू ने अपने फेसबुक पेज पर रक्तदान के फोटो साझा करते हुए “रक्तदान महादान” और “मानव सेवा ही माधव सेवा” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि हर स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान कर जरूरतमंद लोगों की सहायता करनी चाहिए। रक्तदान न केवल किसी की जिंदगी बचाने का माध्यम है, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को भी दर्शाता है।
श्री गोपेश साहू का यह प्रेरणादायक कार्य समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे समय-समय पर रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दें।







