जनपद क्षेत्र क्रमांक 04 के उपचुनाव में मतदान शुरू, पाहंदा और सांकरा के मतदाता आज करेंगे चार प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

पाटन-अम्लेश्वर। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत जनपद क्षेत्र क्रमांक 04 के उपचुनाव के लिए आज पाहंदा और सांकरा क्षेत्र में मतदान सुबह से शुरू हो गया। तेज धूप के बावजूद मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है और सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ने लगी है।
जानकारी के अनुसार, पाहंदा में लगभग 3477 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जबकि सांकरा में करीब 2300 मतदाता मतदान करेंगे। इस प्रकार दोनों गांवों के कुल 5777 मतदाता आज चार प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।


भीषण गर्मी को देखते हुए मतदाता सुबह से ही मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मत का उपयोग कर रहे हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
गौरतलब है कि जनपद क्षेत्र क्रमांक 04 के उपचुनाव में चार प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें भाजपा अधिकृत प्रत्याशी सुरेंद्र साहू, कांग्रेस अधिकृत प्रत्याशी श्रीमती उर्वशी शैलेश साहू, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी से भूपेंद्र साहू तथा निर्दलीय प्रत्याशी चंदन सिंगौर शामिल हैं।
सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, हालांकि चुनावी मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें मतदान प्रतिशत और परिणाम पर टिकी हुई हैं।






