औंरी भाठागांव में वर्षों पुराना सपना होगा साकार, 29.25 लाख की लागत से तालाब निर्माण कार्य का हुआ भूमिपूजन

पाटन, अम्लेश्वर। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत औंरी भाठागांव में ग्रामीणों का वर्षों पुराना सपना अब साकार होने जा रहा है। ग्रामीणों की लगातार मांग, जनप्रतिनिधियों के सतत प्रयास एवं दुर्ग सांसद विजय बघेल की अनुशंसा से गांव में तालाब निर्माण कार्य प्रारंभ होने जा रहा है। इसी क्रम में आज विधिवत भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष कमलेश चंद्राकर, जनपद सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर, जनपद सदस्य श्रीमती कस्तूरी पन्ना लाल बंजारे, पूर्व महामंत्री अम्लेश्वर मंडल उतरा सोनवानी, ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती कलेंद्री, नारधी सरपंच घनश्याम ठाकुर सहित ग्राम पंचायत के पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


जिला पंचायत सभापति श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 29.25 लाख रुपये की लागत से तालाब निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि “मोदी की गारंटी और विष्णु के सुशासन” के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। तालाब निर्माण से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीणों को सिंचाई एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए लाभ प्राप्त होगा। साथ ही स्थानीय लोगो को रोजगार मिलेगा।
ग्रामीणों ने तालाब निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के प्रति आभार जताया। यह परियोजना क्षेत्र के विकास और जल संसाधन सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।






