स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का आंदोलन तेज, 2 अगस्त को पाटन में बैठक व प्रदर्शन
पाटन। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बढ़े हुए बिजली बिलों से आमजन को हो रही परेशानियों के विरोध में व्यापक आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने बिजली मीटर लगाए जाने हेतु आवेदन (फॉर्म) भी भरवाए जाएंगे।
इस संबंध में 2 अगस्त 2026, रविवार को प्रातः 11:00 बजे पाटन स्थित विश्राम गृह (रेस्ट हाउस) में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में 23 अगस्त 2026 को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधानसभा के लोकप्रिय नेता भूपेश बघेल के जन्मदिवस को प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाने हेतु विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी तथा विभिन्न कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।



बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर, युवा कांग्रेस नेता चैतन्य बघेल तथा पूर्व मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के ओएसडी आशीष वर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।
बैठक के उपरांत कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी जनपद कार्यालय पाटन के समक्ष स्मार्ट मीटर के विरोध में प्रदर्शन करेंगे। साथ ही आम जनता से पुराने बिजली मीटर लगाए जाने हेतु आवेदन (फॉर्म) भरवाने का अभियान भी चलाया जाएगा।
कांग्रेस संगठन ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पाटन एवं जामगांव (आर) के समस्त वरिष्ठ कांग्रेसजनों, सेक्टर प्रभारियों, बूथ अध्यक्षों, ग्रामीण अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस एवं समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बैठक, विरोध प्रदर्शन एवं भूपेश बघेल के जन्मदिवस कार्यक्रम की तैयारी को सफल बनाने की अपील की है।
बैठक की तैयारियां मोहन साहू (अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पाटन), राजेश ठाकुर (अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जामगांव), महेंद्र साहू (मंडल अध्यक्ष, अमलेश्वर) तथा गोपाल देवांगन (अध्यक्ष, नगर कांग्रेस कमेटी पाटन) के नेतृत्व में की जा रही हैं।



