विशेष ग्राम सभा में प्रधान मंत्री आवास योजना लाभार्थियों के नामों का वाचन, पात्र-अपात्र सूची को लेकर उठे सवाल

अम्लेश्वर/पाटन, 24 जून। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत झीट में छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार मंगलवार 24 जून को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा के दौरान लगभग 636 लोगों के नामों का वाचन किया गया। हालांकि सभी पात्र एवं अपात्र व्यक्तियों के नामों का पूर्ण वाचन नहीं हो सका।
बताया जा रहा है कि जनपद पंचायत पाटन की सभी 108 ग्राम पंचायतों में लगभग इसी प्रकार की स्थिति बनी हुई है। ग्राम पंचायत झीट में 636 नामों का वाचन किया जाना एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। वहीं ब्लॉक की किसी भी ग्राम पंचायत में 100 से कम नामों का वाचन नहीं हुआ है तथा अधिकांश ग्राम पंचायतों में 100 से अधिक नाम विशेष ग्राम सभा में पढ़े गए हैं।
इस प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों और विशेषज्ञों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है कि कहीं पात्र हितग्राहियों के नाम सूची से छूट तो नहीं गए हैं अथवा अपात्र व्यक्ति भी शासन की योजनाओं का लाभ लेने की कतार में शामिल हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सूची निर्माण और सत्यापन की प्रक्रिया में पर्याप्त सावधानी नहीं बरती गई तो कई पात्र लोग लाभ से वंचित रह सकते हैं, जबकि अपात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिलने की संभावना भी बढ़ सकती है। ऐसे में व्यापक जांच, गहन चिंतन और प्रभावी निरीक्षण की आवश्यकता बताई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद लोगों तक नहीं पहुंच पाने की स्थिति में शासन-प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिलती है। फिलहाल विशेष ग्राम सभा में उपलब्ध सूची के अनुसार नामों का वाचन किया गया है।
विशेष ग्राम सभा में ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों सहित ग्राम पंचायत के सरपंच रूपेंद्र राजू साहू, सचिव यशवंत वर्मा एवं पंचगण उपस्थित रहे।







