पहली बारिश में गिरे 11 केवी लाइन के पांच पोल, तीन गांवों में ब्लैकआउट से जनता परेशान
बेल्हारी-बटरेल, पाटन। पाटन ब्लॉक अंतर्गत जामगांव (आर) विद्युत विभाग की लापरवाही से पूरा क्षेत्र गंभीर संकट का सामना कर रहा है। मामला रीवागहन फीडर से संबंधित ग्राम पंचायत आगेसरा, गातापार एवं उमरपोटी मार्ग पर स्थित 11 केवी मुख्य विद्युत लाइन का है, जहां लगभग चार से पांच विद्युत पोल नीचे गिरकर पूरी तरह टूट गए हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुसार, उक्त लाइन की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार जामगांव (आर) के कनिष्ठ अभियंता (जेई) को सूचना दी गई थी, लेकिन विभाग द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई। नतीजतन, पहली ही बारिश में पांच पोल धराशायी हो गए और तीनों गांवों में पूरी तरह ब्लैकआउट की स्थिति बन गई है।
बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों ने इस गंभीर समस्या की जानकारी जेई एवं एई उतई को भी दे दी है। अब देखने वाली बात यह होगी कि विभाग कब तक क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल कर पाता है।
लगातार उपेक्षा और बिजली संकट के कारण आसपास के ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।उक्त जानकारी मीडिया को अगेसरा ग्राम पंचायत सरपंच रमाकांत साहू ने शेयर किया है।







