तहसील साहू संघ पाटन की पहल को मिल रहा जनसमर्थन, शोक सभा में सादा भोजन की परंपरा को मिल रहा बढ़ावा

पाटन। तहसील साहू संघ पाटन अंतर्गत तेलीगुंडरा परिक्षेत्र के ग्राम बोरिद में समाज के सदस्य भुवन साहू एवं सुरसेन साहू के यहां उनकी माताजी के पचनाहवन कार्यक्रम का आयोजन 11 जुलाई को संपन्न हुआ। कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित सामाजिकजनों को सादा भोजन कराया गया।
ज्ञात हो कि प्रदेश साहू संघ के निर्देशों एवं तहसील साहू संघ पाटन के नियमों के अनुरूप शोकाकुल परिवारों से मृत्यु उपरांत आयोजित कार्यक्रमों में सादा भोजन कराने की अपील की गई है। इसी प्रेरणा से तहसील साहू संघ पाटन की 99 इकाइयों में लगातार शोकाकुल परिवार इस परंपरा का पालन करते हुए मृतात्मा की शांति के उद्देश्य से सादा भोजन करा रहे हैं।



हालांकि कुछ स्थानों पर सोशल मीडिया के माध्यम से शांति भोज में कलेवा परोसे जाने की जानकारी भी सामने आई है। सामाजिक पदाधिकारियों का मानना है कि ऐसे मामलों में अभी और जनजागरूकता तथा प्रेरणा देने की आवश्यकता है, ताकि समाज के सभी सदस्य निर्धारित नियमों का पालन कर सकें।
तहसील साहू संघ पाटन लंबे समय से सामाजिक नियमों के पालन में अग्रणी रहा है और समाज सुधार की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। जिले के कई क्षेत्रों में शोक सभाओं में कलेवा रहित सादा भोजन की परंपरा सफलतापूर्वक अपनाई जा रही है। सामाजिक पदाधिकारियों का कहना है कि समाज में मृत्यु भोज को सादगीपूर्ण स्वरूप देने का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा सभी इकाइयों से नियमों के पालन की अपेक्षा की जाती है।



