गुरु बालक दास साहेब जी की जयंती पर 4 सितंबर को पाटन में भव्य शोभायात्रा
पाटन। गुरु बालक दास साहेब जी की जयंती के पावन अवसर पर 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को सतनामी समाज द्वारा पाटन में भव्य शोभायात्रा एवं गुरु दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सतनाम भवन पाटन, जिला दुर्ग में किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत प्रातः 10 बजे परिक्षेत्र जामगांव आर, सेलुद एवं रानीतराई से सतनाम संदेश शोभायात्रा प्रारंभ होगी। दोपहर 12 बजे गुरु सौरभ साहेब जी एवं विभिन्न परिक्षेत्रों से सतनाम शोभायात्रा का पाटन आगमन होगा तथा नगर भ्रमण किया जाएगा।
दोपहर 3 बजे सतनाम भवन पाटन में श्वेतखाम पूजा-अर्चना के पश्चात गुरु वाणी एवं सत्संग का आयोजन होगा। इसके बाद 3:30 बजे प्रतिभागी दलों द्वारा भजन मंडली, अखाड़ा, दल एवं पंथी दल की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। शाम 4:30 बजे विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में युवाओं के प्रेरणा स्रोत युवराज गुरु धर्म गुरु गुरु सौरभ साहेब जी, प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ अखिल भारतीय सतनाम सेना, के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न होगा।
इसके अलावा दोपहर 1 बजे सतनाम के बिरखा सतनाम भजन मंडली, बरबसपुर महासमुंद द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। शाम 6 बजे सतनाम प्रसादी एवं भोजन भंडारा का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों ने सतनामी समाज के सभी सामाजिक बंधुओं, मातृशक्ति एवं युवाओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गुरु बालक दास साहेब जी की जयंती को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाने की अपील की है।






