तहसील साहू संघ पाटन के पदाधिकारियों ने, भक्त माता कर्मा जी की 1010वीं जयंती श्रद्धा एवं भक्ति भाव से मनाई
पाटन। भक्त माता कर्मा जी की 1010वीं जयंती के पावन अवसर पर तहसील साहू संघ पाटन सदन में भक्त माता कर्मा जी की पूजा-अर्चना, आरती एवं स्मरण कर श्रद्धापूर्वक जयंती पर्व मनाया गया।


इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों, मातृशक्ति एवं युवाओं की उपस्थिति में माता कर्मा जी के भक्ति, सेवा, त्याग और समर्पण के आदर्शों को स्मरण करते हुए समाज की एकता, संगठन और संस्कारों को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि माता कर्मा जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज सेवा, सद्भाव और मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। माता कर्मा जी से प्रार्थना की गई कि वे सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगलमय आशीर्वाद प्रदान करें।
इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष लालेश्वर साहू, उपाध्यक्ष श्रीमती विमला साहू, डुलेश्वर साहू, संगठन सचिव सुरेंद्र साहू, महासचिव महेंद्र साहू सहित अन्य सामाजिक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।








