अमलेश्वर नगर पालिका की लापरवाही उजागर — स्वच्छता के लिए खरीदी गई ई-रिक्शा बनी कबाड़
अम्लेश्वर। दुर्ग जिले के अंतर्गत नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में स्वच्छता अभियान को मजबूत करने के उद्देश्य से खरीदी गई ई-रिक्शा आज बदहाल स्थिति में कबाड़ में तब्दील होती नजर आ रही है। रखरखाव और नियमित मेंटेनेंस के अभाव में यह महत्वपूर्ण संसाधन अब उपयोग के लायक नहीं रह गया है, जबकि पालिका प्रशासन इस गंभीर विषय पर मौन साधे हुए है।

ज्ञात हो कि नगर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को प्रभावी बनाने के लिए ई-रिक्शा की खरीदी की गई थी। प्रारंभ में इनका उपयोग भी किया गया, लेकिन समय के साथ इनके रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया गया, जिसके कारण अब ये वाहन खराब होकर अनुपयोगी हो गए हैं।
इस स्थिति को लेकर जनप्रतिनिधियों में आक्रोश देखा जा रहा है। उनका कहना है कि यह ई-रिक्शा जनता के टैक्स के पैसे से खरीदी गई थी, लेकिन अब वही संसाधन जनता के किसी काम नहीं आ रहा है। नगर में यह विषय चर्चा का केंद्र बना हुआ है और लोग पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि प्रशासन इस मामले में तुरंत संज्ञान लेकर ई-रिक्शा की मरम्मत एवं पुनः संचालन सुनिश्चित करे, ताकि स्वच्छता अभियान को फिर से प्रभावी बनाया जा सके।








