जिला पंचायत निधी से जामगांव एम और पचपेड़ी में बोर खनन व पंप स्थापना से पेयजल संकट से मिली राहत

पाटन। जिला पंचायत सभापति श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर ने क्षेत्र में बढ़ती पेयजल समस्या को ध्यान में रखते हुए अपने जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 10 के जामगांव एम और पचपेड़ी गांव में जिला पंचायत निधि से बोर खनन करवाकर पंप की स्थापना कराई है। इस पहल से ग्रामीणों को भीषण गर्मी के दौरान जल संकट से राहत मिलेगी और गांवों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
श्रीमती चंद्राकर ने बताया कि लगातार बढ़ती गर्मी के कारण भू-जल स्तर में गिरावट आ रही है, जिससे कई हैंडपंप और मोटर पंपों से पानी निकलना बंद हो गया है। इसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में पेयजल की समस्या उत्पन्न हो रही थी। इस स्थिति को देखते हुए तत्काल बोर खनन कर मोटर पंप स्थापित किए गए, ताकि ग्रामीणों को शीघ्र राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पेयजल संकट से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे। श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर के इस सराहनीय प्रयास के लिए क्षेत्रवासियों ने आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।







