दुर्ग पुलिस के जनमित्र कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, आपदा प्रबंधन एवं यातायात जागरूकता पर विशेष जोर

अमलेश्वर, 03 जून 2026। तिवारी मैरिज पैलेस, अमलेश्वर में आज दुर्ग पुलिस द्वारा जनमित्र कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनमित्र दुर्ग पुलिस, आपदा प्रबंधन, यातायात सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में गांव-गांव में गठित महिला कमांडो दलों एवं आम नागरिकों को प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने बाढ़, अग्नि सुरक्षा, भूस्खलन, दंगा जैसी परिस्थितियों में बचाव के उपायों, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन तथा नशे के कारण समाज में बढ़ रहे अपराधों की रोकथाम पर प्रकाश डाला।


कार्यक्रम के प्रमुख वक्ताओं में नागरिक सुरक्षा एवं नगर सेना दुर्ग के कमांडेंट नागेंद्र कुमार सिंह, एसडीओपी पाटन अनूप लकड़ा, यातायात निरीक्षक पी.डी. चंद्रा तथा महिला सुरक्षा विषय पर पद्मश्री शमशाद बेगम शामिल रहीं। सभी वक्ताओं ने अपने संबोधन में नागरिकों को जागरूक एवं जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के पश्चात महिला कमांडो दल की महिलाओं को सम्मान स्वरूप टोपी पहनाकर डंडा एवं टॉर्च भेंट किए गए। इस पहल का उद्देश्य महिला सुरक्षा एवं सामुदायिक सहभागिता को और अधिक सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाएं अमलेश्वर थाना प्रभारी (नगर निरीक्षक) बसंत बघेल एवं थाना स्टाफ द्वारा की गईं। कार्यक्रम में अमलेश्वर थाना क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दुर्ग पुलिस द्वारा आयोजित यह जागरूकता शिविर जनसुरक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।






