विश्व पर्यावरण दिवस पर महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में ‘खेत बचाओ अभियान’ विषयक कार्यशाला एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम 5 जून को, कृषि मंत्री और सांसद होंगे शामिल

दुर्ग, 04 जून 2026। महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, सांकरा-पाटन, दुर्ग द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून 2026 को “खेत बचाओ अभियान” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला सह वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, सांकरा-पाटन में प्रातः 11:00 बजे से किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री श्री रामविचार नेताम होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री विजय बघेल, कृषि उत्पादन आयुक्त श्री निरंजन कौशल सिंह परदेशी (आईएएस) तथा ग्राम पंचायत सांकरा के सरपंच श्री रवि सिंगौर उपस्थित रहेंगे।



कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवि आर. सक्सेना करेंगे। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, कृषि भूमि के संरक्षण, सतत कृषि विकास तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन पर विशेषज्ञों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों, विद्यार्थियों एवं आमजन में पर्यावरण संरक्षण तथा कृषि भूमि बचाने के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षाविद्, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता अपेक्षित है।
कार्यक्रम के लिए विश्वविद्यालय परिवार ने सभी गणमान्य नागरिकों, विद्यार्थियों एवं पर्यावरण प्रेमियों को सहभागिता हेतु आमंत्रित किया है।
कार्यक्रम की तैयारी कुल सचिव यशवंत केराम एवं डॉ. अमित दीक्षित अधिष्ठाता उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, सांकरा-पाटन, दुर्ग के मार्ग दर्शन में संस्था के द्वारा किया जा रहा है।






