विश्व सिकल सेल जागरूकता दिवस पर निःशुल्क स्क्रीनिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
अम्लेश्वर,झीट, 19 जून 2026। विश्व सिकल सेल जागरूकता दिवस के अवसर पर ICMR-NIRTH MRHRU झीट द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, झीट में सिकल सेल जागरूकता एवं निःशुल्क स्क्रीनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सिकल सेल रोग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, शीघ्र पहचान को प्रोत्साहित करना तथा समुदाय को इस आनुवंशिक रोग के प्रभावी प्रबंधन के संबंध में जागरूक करना था।
कार्यक्रम में डॉ. अपर्णा वर्मा (खंड चिकित्सा अधिकारी, झीट), डॉ. नेहा गुरबानी (वैज्ञानिक-सी), डॉ. उपेंद्र भेले (वैज्ञानिक-सी) तथा एमआरएचआरयू झीट के स्टाफ सदस्यों ने सहभागिता की। विशेषज्ञों ने उपस्थित समुदाय को सिकल सेल रोग के कारणों, लक्षणों, संभावित जटिलताओं, रोकथाम एवं समय पर जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।


इस दौरान लोगों को सिकल सेल रोग की समय रहते पहचान और उचित उपचार के लाभों से अवगत कराया गया। साथ ही, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की निःशुल्क सिकल सेल जांच (स्क्रीनिंग) भी की गई, जिससे रोग की प्रारंभिक पहचान एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा सके।
विशेषज्ञों ने बताया कि सिकल सेल रोग एक आनुवंशिक रक्त विकार है, जिसकी समय पर पहचान एवं नियमित चिकित्सकीय निगरानी से इसके प्रभावों को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने समुदाय से स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर सिकल सेल उन्मूलन एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जनसहभागिता को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी से जागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया गया।






