कांग्रेसी पार्षदों के यूटर्न के बाद सेवा संकल्प अभियान से उम्मीद, अमलेश्वर मेन रोड पर अब भी मवेशियों का डेरा

अमलेश्वर। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर क्षेत्र अंतर्गत रायपुर मेन रोड पर घुमंतू मवेशियों का डेरा अब भी बरकरार है। सड़क पर जगह-जगह बैठे मवेशियों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार सड़क पर बैठे मवेशियों के चलते किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले मोतीपुर चौक में भी मवेशियों के कारण बड़ी घटना घट चुकी है, इसके बावजूद पालिका प्रशासन द्वारा अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के कांग्रेस पार्षदों द्वारा 16 सितंबर को 10 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन एवं चक्काजाम किया जाना प्रस्तावित था। 15 सितंबर को प्रशासन एवं नगर पालिका प्रशासन के साथ चर्चा के बाद मांगों पर सहमती बनी और प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित कर दिया गया। इन मांगों में अमलेश्वर मेन रोड सहित प्रमुख मार्गों पर घूम रहे घुमंतू पशुओं को हटाने की मांग भी शामिल थी।
समझौते के बाद तीन दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य मार्गों से मवेशियों को हटाने की कार्रवाई नहीं होने से अब लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। नागरिकों का कहना है कि सड़क पर बैठे मवेशियों के कारण विशेषकर रात के समय वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ जाता है। अचानक सामने आ जाने वाले पशुओं से दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं।
सेवा संकल्प अभियान पर टिकी उम्मीद
राज्य शासन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान से अब नगरवासियों को उम्मीद है कि अभियान के तहत स्वच्छता एवं जनहित से जुड़े कार्यों के साथ सड़क पर घूम रहे मवेशियों को हटाने की दिशा में भी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अभियान शुरू होने के बाद भी नगर पालिका प्रशासन की ओर से इस समस्या को लेकर अब तक कोई प्रभावी पहल दिखाई नहीं दे रही है।
शोभा बढ़ा रहा काऊ कैचर, सड़क पर मवेशी जस के तस
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि नगर पालिका परिसर में काऊ कैचर वाहन मौजूद है, लेकिन इसके बावजूद अमलेश्वर रायपुर मेन रोड और अन्य प्रमुख मार्गों पर मवेशियों का जमावड़ा दिखाई दे रहा है। नागरिकों का सवाल है कि जब पालिका के पास मवेशियों को पकड़ने के लिए वाहन उपलब्ध है, तो उसका उपयोग कब किया जाएगा?
नगरवासियों ने पालिका प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किए बिना तत्काल अभियान चलाकर मुख्य मार्गों से घुमंतू मवेशियों को हटाया जाए और उनके लिए सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।







