धान खरीदी अव्यवस्था और प्रधिकृत अधिकारियों की मनमानी के विरोध में केन्द्रीय मंत्रियों के नाम ज्ञापन सौंपा
किसानों ने जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक को घेरा
अण्डा, 01 दिसंबर। धान खरीदी केंद्रों में ऑनलाइन–ऑफलाइन टोकन अव्यवस्था और प्रभारियों के स्थान पर तैनात प्राधिकृत अधिकारियों की मनमानी से परेशान किसानों ने आज जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक उपशाखा अण्डा का घेराव करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने मौके पर एक विस्तृत ज्ञापन तैयार कर केन्द्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने आरोप लगाया कि खरीदी केंद्रों में टोकन वितरण प्रणाली पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। समय से टोकन नहीं मिल रहा, सर्वर समस्या बनी हुई है और मनचाही तिथि देकर भेदभाव करने की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। किसानों ने यह भी कहा कि सोसायटी प्रभारियों की जगह तैनात प्राधिकृत अधिकारियों द्वारा तौल में देरी, किसानों को बिना कारण लौटाना, कतारों में पक्षपात और प्राथमिकता में बदलाव जैसी मनमानी खुलकर देखने को मिल रही है, जिससे किसानों में भारी नाराजगी है।
ज्ञापन में किसानों ने मांग रखी कि धान खरीदी टोकन प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए, प्राधिकृत अधिकारियों की मनमानी पर तत्काल रोक लगाई जाए, टोकन वितरण का दैनिक पंजी सार्वजनिक किया जाए और किसानों की शिकायतों के समाधान के लिए एक विशेष निगरानी तंत्र गठित किया जाए। किसानों ने कहा कि धान खरीदी किसानों के जीवनयापन का मुख्य आधार है, ऐसे में वर्तमान अव्यवस्था से गरीब और छोटे किसानों को सबसे अधिक नुकसान हो रहा है।कार्यक्रम के दौरान तहसीलदार क्षमा यदु एवं वसुमित्र दिवान ज्ञापन लेने के लिए उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रशांत साहू, देवेन्द्र सिन्हा, डालेश्वर, कमलेश जोशी (अण्डा), बालाराम पुराई, खोमेन्द्र कुमार (चिंगरी), रनमत साहू, तोरण साहू (मचांदूर), परमेश्वर–लूकेन्द्र साहू (मतवारी), ताराचंद निषाद, तामेश्वर साहू, श्री राम, आत्माराम, कीर्तन साहू, केदार (चिरपोटी), गितेश्वर साहू, कमल साहू तथा जनपद सदस्य एवं किसान नेता ढालेश साहू (रिसामा), जंजगिरी, अछोटी, कुथरेल सहित गांवों के किसान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



