मोतीपुर का मंगलवार साप्ताहिक बाजार अब सतनाम भवन मैदान में होगा संचालित, आज से हो गई है शुरू
अम्लेश्वर। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत मोतीपुर के जय स्तंभ चौक में लगने वाला मंगलवार साप्ताहिक बाजार अब सतनाम भवन के पास स्थित मैदान में सुचारू रूप से लगाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत की युवा सरपंच मोहन लोधी ने सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी साझा की है कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार मुख्य मार्ग (जय स्तंभ मेन रोड) पर लगने वाले बाजार को स्थानांतरित किया गया है, जिससे मुख्य सड़क पर यातायात प्रभावित न हो।
ज्ञात हो कि 01 अप्रैल से कुम्हारी टोल प्लाजा से खारू नदी पुल तक मरम्मत कार्य लगभग एक माह तक किया जाएगा। इस दौरान जिला पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। नए रूट के तहत मोतीपुर से अम्लेश्वर-रायपुर मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ेगा, साथ ही भिलाई-तीन सिरसा गेट से आने-जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग से गुजरेंगे।
इसी को ध्यान में रखते हुए साप्ताहिक बाजार को सतनाम भवन के पास मैदान में स्थानांतरित किया गया है, जिससे यातायात सुगम बना रहे। भविष्य में भी इसी स्थान पर बाजार नियमित रूप से संचालित होने की जानकारी प्राप्त हो रही है।







