गृह ग्राम बटरेल में सूबेदार इंदल आठे का जोशीला स्वागत, फूलों की वर्षा से हुआ अभिनंदन

बटरेल पाटन। आर्मी मैन सूबेदार इंदल आठे के गृह ग्राम बटरेल आगमन पर ग्रामीणों द्वारा भव्य एवं जोशीला स्वागत किया गया। उल्लेखनीय है कि श्री इंदल आठे देश सेवा का अपना 24 वर्ष कार्यकाल पूर्ण कर 02 अप्रैल को अपने गृह ग्राम पहुंचे।
उनके स्वागत में गांव के विभिन्न चौक-चौराहों पर फूलों की वर्षा की गई और लोगों ने वीर जवान को सर आंखों पर बैठाकर सम्मान दिया। सर्वप्रथम शाम 4:00 बजे जामगांव आर किसान चौक पर नगरवासियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। इसके पश्चात बेल्हारी चौक पर भी उनका भव्य अभिनंदन हुआ।
आगे बढ़ते हुए सूबेदार आठे ने बोडा बैगा चौक स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा शीतल तालाब मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इसके उपरांत राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपने निवास पहुंचे, जहां उन्होंने पारिवारिक लोगो के साथ आमजन से भेंट-मुलाकात की।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने देश की सेवा करने वाले वीर सपूत को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे कार्यक्रम की अगुवाई भेष आठे ने की। कार्यक्रम में कई अन्य पूर्व एवं वर्तमान सैनिक भी उपस्थित रहे।






