मलेरिया के बढ़ते प्रकोप पर नेता प्रतिपक्ष दीपक घिडोडे ने उठाई आवाज, नालियों में दवा छिड़काव की मांग

अम्लेश्वर। नगर पालिका परिषद अम्लेश्वर के युवा नेता एवं नेता प्रतिपक्ष दीपक घिडोडे ने नगर पालिका सीएमओ के नाम प्रतिवेदन प्रस्तुत कर क्षेत्र में बढ़ते मलेरिया के प्रकोप से बचाव हेतु नालियों में दवाई के छिड़काव की मांग की है।

नेता प्रतिपक्ष ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि अम्लेश्वर पालिका में जनप्रतिनिधियों की मौखिक बातों पर कार्य नहीं किया जाता, जिसके चलते उन्हें लिखित आवेदन देना पड़ा। उन्होंने बताया कि नगर पालिका परिषद अम्लेश्वर क्षेत्र के अंतर्गत अधिकांश नालियों एवं गड्ढों में मच्छरों का अत्यधिक जमाव हो गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया एवं अन्य बीमारियों के फैलने की संभावना बढ़ गई है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मच्छरों से बचाव के लिए जल्द से जल्द एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव एवं फॉगिंग स्प्रे कराया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अब यह कहना मुश्किल है कि यह कार्य कब तक पूर्ण होगा, क्योंकि लगातार शिकायतों के बावजूद पालिका प्रशासन अभी तक सक्रिय नहीं हुआ है।
दीपक घिडोडे ने आरोप लगाया कि कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर नगर पालिका प्रशासन अब तक मौन साधे हुए है और जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है।








