मनरेगा से 28.61 लाख रुपये की लागत से बनेगा नया तालाब, ग्राम राखी में हुआ भूमि पूजन, जनपद सभापति प्रणव शर्मा हुए शामिल
पाटन। जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम राखी में समुदाय के लिए जल संचयन को बढ़ावा देने हेतु मनरेगा योजना के माध्यम से नए तालाब निर्माण की स्वीकृति छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए लगभग 28.61 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
रविवार प्रातः मुख्य अतिथि जनपद पंचायत सभापति प्रणव शर्मा की उपस्थिति में ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से ग्राम देवी-देवताओं का स्मरण करते हुए पुष्प, धूप एवं दीप से पूजा-अर्चना की तथा नारियल फोड़कर तालाब निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रणव शर्मा ने ग्रामवासियों को बधाई देते हुए कहा कि नए तालाब के निर्माण से गांव में भू-जल स्तर में वृद्धि होगी तथा जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना भविष्य में ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।


ग्राम सरपंच जीतेश्वरी देवांगन ने कहा कि तालाब निर्माण से किसानों को सिंचाई एवं खेती-किसानी में लाभ मिलेगा। साथ ही यह जल संचयन का एक महत्वपूर्ण साधन बनकर गांव के विकास में योगदान देगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपसरपंच रोशन दांडेकर, उत्तम बंजारे, हिरेंद्र देवांगन, नकुल सत्यम, सुरेश बघेल, धर्मेंद्र बघेल, ग्राम के समस्त पंचगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।






