सीसीआरटी नई दिल्ली में दुर्ग जिले के शिक्षक टिकेश्वर प्रसाद गजपाल राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित

छत्तीसगढ़ /नई दिल्ली। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की इकाई सेंटर फॉर कल्चरल रिसोर्सेज एंड ट्रेनिंग (CCRT), नई दिल्ली में आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वर्षभर आयोजित कार्यक्रमों के समापन समारोह एवं डिजिटल डिस्ट्रिक्ट रिपॉजिटरी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री माननीय श्री गजेंद्र सिंह शेखावत रहे। समारोह में आपातकाल के दौरान गिरफ्तार हुए वरिष्ठ पत्रकार एवं विचारक श्री राम बहादुर राय, अध्यक्ष, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, नई दिल्ली सहित संस्कृति मंत्रालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
भारत की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित “आजादी का अमृत महोत्सव” के अंतर्गत CCRT द्वारा देशभर में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े व्यक्तियों, ऐतिहासिक घटनाओं, स्थलों एवं जनस्मृतियों के दस्तावेजीकरण का कार्य कराया गया। इस राष्ट्रीय परियोजना में उत्कृष्ट योगदान देने वाले देशभर के चयनित 25 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में श्री टिकेश्वर प्रसाद गजपाल, शासकीय हाई स्कूल आगेसरा (मर्ज शाला), दुर्ग (छत्तीसगढ़) को राज्यभर से स्वतंत्रता संग्राम से संबंधित ऐतिहासिक जानकारियों एवं जनकथाओं का संकलन कर राष्ट्रीय अभिलेखागार को समृद्ध बनाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए नई दिल्ली स्थित CCRT परिसर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।
यह दुर्ग जिले के लिए विशेष गर्व का विषय है कि पूरे छत्तीसगढ़ से चयनित तीनों शिक्षक दुर्ग जिले से हैं, जो जिले की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों का प्रमाण है।
सम्मान प्राप्त करने के पश्चात श्री टिकेश्वर प्रसाद गजपाल ने कहा, “मेरे विचार में यह सम्मान स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिवारों को मिलना चाहिए, जिनके अविस्मरणीय त्याग और योगदान से ही भारत को स्वतंत्रता प्राप्त हुई।”
समारोह में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव श्री विवेक अग्रवाल, CCRT के अध्यक्ष डॉ. विनोद नारायण इंदुरकर, संयुक्त सचिव श्री समर नंदा, संयुक्त सचिव श्री कमलेश कुमार मिश्र, निदेशक श्री राजीव कुमार तथा CCRT के निदेशक श्री पप्पूंजय कुमार की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।







