भिलाई विधायक देवेंद्र यादव से अम्लेश्वर के नेताओं की सौजन्य मुलाकात, संगठनात्मक एवं जनहित मुद्दों पर हुई चर्चा
अम्लेश्वर, भिलाई। पाटन विधानसभा क्षेत्र के अन्य पिछड़ा वर्ग के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष संजय यदु एवं नगर पालिका अम्लेश्वर के पूर्व उपाध्यक्ष उमेश कुमार साहू के नेतृत्व में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव से सौजन्य भेंट एवं मुलाकात की गई। इस अवसर पर गिरजानंद साहू और भागीराम साहू भी उपस्थित रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विधायक देवेंद्र यादव ने दूरभाष के माध्यम से अपने निवास पर आमंत्रित कर संगठनात्मक विषयों सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की।
पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष उमेश कुमार साहू ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि बैठक में पाटन विधानसभा क्षेत्र की संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ नगर पालिका अम्लेश्वर में चल रही परिस्थितियों एवं नगर विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तृत मंथन किया गया।कांग्रेस पार्टी की संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश और नगर में ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और नगरवासियों को आवश्यक सुविधाएं दिलाने को लेकर रणनीति बनाई गई है। साथ ही कांग्रेस शासनकाल में स्वीकृत कई विकास कार्य एवं योजनाएं वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा ठंडे बस्ते में डाल दिए जाने पर भी चर्चा हुई। इन विकास कार्यों को पुनः शुरू कराने तथा नवनिर्मित नगर पालिका अम्लेश्वर में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन-प्रशासन को अवगत कराने और आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई।
उमेश कुमार साहू ने आगे कहा कि मगरघटा और परसदा के बीच पुल निर्माण नहीं होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बरसात के दिनों में स्कूली बच्चों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। पुल निर्माण की स्वीकृति मिलने के बावजूद अब तक कार्य शुरू नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि इस मुद्दे पर रणनीति बनाकर संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित किया जाएगा और जनहित में आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।







