विधवा महिला की 135 वर्गफुट जमीन पर कब्जे का आरोप, कलेक्टर से न्याय की गुहार, अम्लेश्वर पालिका क्षेत्र का मामला
अम्लेश्वर। डंगनिया रायपुर निवासी गीता विश्वकर्मा ने कलेक्टर जनदर्शन दुर्ग में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनकी खरीदी हुई 1125 वर्गफुट जमीन में से 135 वर्गफुट भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। उन्होंने प्रशासन से कब्जा हटाकर जमीन वापस दिलाने अथवा वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।




गीता विश्वकर्मा ने अपने आवेदन में बताया कि कोरोना काल में उनके पति एवं पुत्री का निधन हो गया था।अपने पुत्र के साथ जीवन यापन कर रही है। इसके बावजूद उन्होंने कठिन परिस्थितियों में वर्ष 2022 में अमलेश्वर में 1125 वर्गफुट का प्लॉट खरीदा था। उनका आरोप है कि पड़ोसी भूमि स्वामी दिव्यप्रकाश वर्मा ने उनकी जमीन के 135 वर्गफुट हिस्से पर कब्जा कर दो मंजिला मकान का निर्माण कर लिया है।
उन्होंने बताया कि जब निर्माण कार्य चल रहा था, तब स्थानीय लोगों द्वारा कथित अतिक्रमण की जानकारी दी गई, लेकिन रायपुर में रहने के कारण वे समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकीं। बाद में आरआई द्वारा किए गए सीमांकन में 135 वर्गफुट जमीन पर कब्जा होना प्रमाणित बताया गया।
पीड़िता ने कहा कि वह पिछले कई महीनों से न्याय के लिए भटक रही हैं और प्रशासन से मांग की है कि या तो उनकी जमीन उन्हें वापस दिलाई जाए अथवा 4000 रुपये प्रति वर्गफुट की दर से पूरी क्षतिपूर्ति प्रदान की जाए, ताकि वह किसी अन्य स्थान पर जमीन खरीदकर अपना जीवन-यापन कर सकें।
गीता विश्वकर्मा ने कलेक्टर से शीघ्र हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की है।
वर्जन : गीता विश्वकर्मा का जमीन सीमांकन किया गया है जिसमें उनकी जमीन कम दिखाया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट तैयार किया जा रहा है।



