मिडिल स्कूल परसदा में जर्जर छज्जा गिरने से टला बड़ा हादसा, प्रशासन की लापरवाही उजागर

कुम्हारी, पाटन। नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्र स्थित शासकीय मिडिल स्कूल परसदा में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्कूल भवन का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई छात्र मौजूद नहीं था, अन्यथा एक बड़ी जनहानि हो सकती थी।
प्रधान पाठक से मिली जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। विद्यालय सुबह 10 बजे प्रारंभ होता है और 10:20 बजे तक प्रार्थना सभा चलती है। इसके बाद 10:25 बजे तक सभी बच्चे अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रवेश कर जाते हैं, जबकि शिक्षक 10:30 बजे तक कक्षाओं में पहुंचते हैं। ऐसे में महज पांच मिनट के अंतराल ने बच्चों की जान बचा ली। यदि घटना एक-दो मिनट पहले या बाद में होती, तो कई मासूम बच्चे इसकी चपेट में आ सकते थे।
घटना के बाद ग्रामीणों और पालकों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि जर्जर भवन बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है और यह सीधे तौर पर बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है?
पालकों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी अब तक कोई अधिकारी या जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने नहीं आया है। परसदा स्कूल नगर पालिका कुम्हारी क्षेत्र और विकासखंड पाटन के अंतर्गत आता है, लेकिन न तो जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्र का नियमित दौरा किया जाता है और न ही संबंधित अधिकारियों द्वारा विद्यालय का निरीक्षण किया जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय-समय पर स्कूल भवन का निरीक्षण और रखरखाव किया गया होता, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। उन्होंने प्रशासन से तत्काल जर्जर भवन की मरम्मत कराने और स्कूल परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बच्चे बिना किसी भय के शिक्षा ग्रहण कर सकें।







