विकासखंड स्तरीय खो-खो चयन स्पर्धा का आयोजन, 70 छात्र-छात्राओं ने दिखाया दमखम
अम्लेश्वर, 7 जुलाई। शालेय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय खो-खो चयन स्पर्धा का आयोजन सोमवार, 06 जुलाई को ग्राम झीट के खेल मैदान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झीट (पाटन) के तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता में पाटन विकासखंड की विभिन्न शालाओं से लगभग 70 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
स्पर्धा के उद्घाटन अवसर पर ग्राम पंचायत झीट के सरपंच श्री रूपेंद्र राजू साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एडवेंचर खो-खो क्लब के अध्यक्ष श्री पवन ठाकुर, एकलव्य खो-खो क्लब के अध्यक्ष श्री टीकाराम साहू तथा पूर्व माध्यमिक शाला झीट के प्रधान पाठक श्री छत्तर राम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा विकासखंड की विभिन्न शालाओं से आए व्यायाम शिक्षक एवं खेल प्रशिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया तथा अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार एवं खेल विभाग का सराहनीय योगदान रहा।



