जनादेश का सम्मान करते हुए सुरेंद्र साहू ने स्वीकार की हार, मतदाताओं व कार्यकर्ताओं का जताया आभार, निरंतर जारी रहेगा जन सेवा
पाटन-अम्लेश्वर। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत जनपद क्षेत्र क्रमांक 04 के अधिकृत प्रत्याशी सुरेंद्र साहू ने जनादेश को स्वीकार करते हुए अपनी हार स्वीकार की है। उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए क्षेत्र के मतदाताओं, कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती उर्वशी शैलेश को जीत की बधाई देकर उज्जवल भविष्य की कामना की।
सुरेंद्र साहू ने कहा कि पाहंदा एवं सांकरा के उन सभी मतदाताओं का वे हृदय से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से उन्हें समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि सभी देवतुल्य भाजपा कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नेताओं ने अपना कीमती समय निकालकर उनके लिए प्रचार-प्रसार किया, जिसके लिए वे सदैव ऋणी रहेंगे।


उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम लोकतंत्र का निर्णय होता है और वे जनादेश का सम्मान करते हैं। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे आगे भी क्षेत्रवासियों के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहेंगे तथा समाजहित और आमजन की सेवा के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।






